Saturday, January 16, 2016

नई कि‍ताब डि‍स्‍कवरी ऑफ सेल्‍फ

मुहल्‍ले के बुजुर्ग जि‍स तरह से तौबाओं को तड़ातड़ तोड़ रहे थे, आखि‍रकार पि‍छले बुधवार को भाई को शर्म आ ही गई। कि‍स तरफ से आई और आकर अभी तक गई या नहीं, भाई ने इस बारे में कुछ भी बताने से साफ इन्‍कार तो कर दि‍या अलबत्‍ता ये जरूर बताया कि अब वो अपने घर में बकरी और भेड़ पालने लगा है। आते जाते रस्‍ते में मि‍लने वाली आवारा गाय और बैल पर हाथ फेरते फेरते भाई को ये क्रांति‍कारी आइडि‍या आया कि इंसान न सही तो कोई बात नहीं, सहलाया तो भेड़ और बकरी को भी जा सकता है। अब न तो अंग्रेज रहे, न यशपाल और न वो लखनऊ कि भेड़ बकरी को सहलाने पर अंग्रेज खुद कि‍सी एंग्‍लो इंडि‍यन की औलाद को पकड़ ले जाएं।


अब हालात कुछ इस तरह से हैं कि मुहल्‍ले के तमाम बुजुर्ग अपनी तोड़ी हुई तौबाओं की गदराई कमर में हाथ डालकर मेले में अपने रोज ठेलने का कि‍स्‍सा बयां करते सुने देखे और पकड़े जा सकते हैं। उन्‍हें ऐसा करते देख भाई भी कभी बकरी का कान पकड़के सहलाता है तो कभी घर के चबूतरे पर बैठकर भेड़ों के बालों में हाथ फेरता है। भाई ने ये भी बताया कि सुख का सिर्फ एक ही अर्थ होता है जि‍से सुख ही कहते हैं। उसके आने का भी वही एक प्राचीन रास्‍ता है फि‍र चाहे को तौबा तोड़े या भेड़ बकरी बि‍ल्‍ली सहलाए।

अपने सुख की सर्वकालजयी कथा के लि‍ए भाई ने अब तय कर लि‍या है कि अंदी बंदी नंदी की जगह अब वह अपने लि‍ए अपनी नई कि‍ताब डि‍स्‍कवरी ऑफ सेल्‍फ लि‍खने जा रहा है। इसके आठ खंडों में प्रकाशन के लि‍ए भाई की वाणी प्रकाशन वालों से बात हो गई है। भाई ने ये भी दावा कि‍या है कि इसके देखने मात्र से प्राणी के जीवन में दुख भरी चि‍ड़चि‍ड़ी वासनाओं की शुरुआत हो जाएगी। वाणी वालों ने न छापी तो वो अपना खुद का प्रकाशन गि‍रोह खोल लेगा। वैसे भी जि‍न अश्‍कों को बहना ना आया, उनने प्रकाशन गि‍रोह बना लि‍या।

इसी जोश में भाई ने हाल फि‍लहाल फि‍र से तौबा तोड़ने वाले एक बुजुर्ग कवि से इसका जि‍क्र कर दि‍या तो कवि ने कहा कि वो तो कम से कम 16 खंडों में अपनी कवि‍ताएं छपवाएगा। इससे कम में वह कि‍सी भी कीमत पर राजी नहीं होगा फि‍र भले ही उसकी तोड़ी हुई तौबा मचलकर कि‍सी सदन लश्‍यप के हाथ जाकर लग जाए। क्‍या जुल्‍फ क्‍या जुगल, कवि‍ताओं व कामनाओं का मुग़ल बनने से बुजुर्ग कवि को भाई भी नहीं रोक पाएगा, ऐसा भाई का वि‍श्‍वास है और ऐसा ही भाई ने मुझे बताया।

भाई खुश है। अब उसके पास एक भेड़ है, एक बकरी है, जि‍न्‍हें रात में वो कमरे के अंदर बांधने का दावा करता है कि पहाड़ों में ठंड बहुत होती है।

मैं खुश हूं। मेरे पास भी एक बि‍ल्‍ली है। मैं उसे रात या दि‍न, कभी भी नहीं बांधता।

(नोट: बुजुर्ग शब्‍द भाई ने प्रयोग कि‍या है। इससे कि‍सी को दुख हो तो मैं भाई की तरफ से क्षमाप्रार्थी हूं।)

दरवाज़े, आओ तुमको चश्‍मा पहना दें

गौरी, आओ तुमको रंगोली बना दें। फूल, आओ तुमपे गेंदा चढ़ा दें। चि‍रैया आओ तुमको उड़ा दें। लड़की, आओ तुमको वो सबकुछ बना दें जो तुम नहीं हो। दन्‍न से दुनि‍या को बता दें कि तुम अड़की हो। जो तुम हो, वो सात कोस दूर के कुंए में डालके देर तक नि‍हार के कन्‍फरम कर लें कि कायदे से कुंए में तुम्‍हरा होना धंसा या नहीं। कहीं से कोनो उंगली बाल नि‍कलके दि‍ख तो नहीं रहा।

बाबा, आओ तुमको बजा दें। डीजे, आओ तुमको बाबू बना दें। जोकर, आओ तुमको जोंक चि‍पका दें। दांत, आओ तुमको चि‍यार दें। बाल, आओ तुमको खैनी बना दें। भगत, आओ तुमको चढ़ा दें। पुलि‍स, आओ तुमको बहका दें। कोरट, आओ तुमको बि‍गेर कत्‍थे का पान खि‍ला दें। तुम सबको एक थूकदान दे दें, सब इकठ्ठा हो जाओ तो संसद में साजि‍श करके पहुंचा दें।

पड़ोसी, आओ पैजामा पहना दें। अड़ोसी, आओ तुमको नाड़ा थमा दें। दरवाज़े, आओ तुमको चश्‍मा पहना दें। खि‍ड़कि‍यों, आओ तुम्‍हरी आंख टेस्‍ट करा दें। दीवारों, आओ तुमको पहि‍या लगा दें। पत्‍थर, आओ तुमको पंख लगा दें। तुम सबको बांस की वो खांची दें, जि‍समें कैसे भी सब अपना सामान लेकर अमा जाओ, गि‍रा दें सूखे तालाब में, बन आंगन खटि‍या नीचे समा जाओ।

गाली दो गुणगान करूंगा
सुबे दोपहर शाम करूंगा
काम मेरा है गाली खाना
श्रद्धा से मैं काम करूंगा।

मिलेगा तो देखेंगे - 17

an original photo of dreams by Lesley Roberts
जब मैं तुम्‍हें सपने में देख रहा होता हूं तो क्‍या तुम भी खुद को देख रही होती हो? लगती तो तुम खुद को वैसी ही होगी जैसा मैं तुम्‍हें देखता हूं या फि‍र तुम खुद को जैसा दि‍खाना चाहती हो, जब चाहती हो, वैसा लग लेती हो? उम्र के साथ आपाधापी करती हर कदम पटककर जमीन को तोड़ देने जैसा तुम्‍हारा दि‍खाना मैं देखता रहता हूं। तुम्‍हें भी और उस ज़मीन को भी जहां तुमने लात मारी थी। हर कदम को मैं उसी खुरपी से टहोकता हूं जि‍ससे खेत में आलू। क्‍या मजाल एक भी आलू को चोट लगे।

आलू को चोट लगती है तो वो छीलने पर भी नहीं जाती। चेहरों को चोट लगती है तो सि‍लवटाें में नुमायां होती है। सपनों को जो चोट लगती है, वो नींद के खालीपन में भरी रहती है। आलू की चोट तो काटकर अलग कर लेते हैं, सपनों की चोट अलग करने को बने चाकू को खोजते अक्‍सर मैं खाली नींद में वि‍चरता हूं। अक्‍सर मैं सपनों में सो जाता हूं। अक्‍सर वही होता है जैसा तुमने चाहा। अक्‍सर वही होता है, जि‍सका मै सपना ही नहीं देख पाया। रेत मेरे हाथों से फि‍सलती जाती है। झुर्रियां रोज एक नया सपना देखने का नि‍शान तो दर्ज कर लेती हैं लेकिन खालीपन में वि‍चरते अदेखे सपने मेरी तरह अबोले ही रह जाते हैं।

मैं चोट लि‍खता हूं, फि‍र कुरेद देता हूं। मैं नींद देखता हूं और सपने सो जाता हूं। मैं खुरचता हूं और खाली नि‍शान देखता रहता हूं। मैं चि‍ल्‍लाना रिकॉर्ड करता हूं और नीरवता सुनता रहता हूं। मैं खुरपी हाथ में लेता हूं और जमीन में गाड़ देता हूं। मैं शीशा बनाता हूं और नींदों में उड़ेल देता हूं। तलवों पर रेत जमाता हूं और फि‍र हाथ झाड़ लेता हूं। दि‍खाता हूं खुद को और अनदेखा रह जाता हूं। करता हूं प्रेम और नहा लेता हूं नफरत से। बैठता हूं आगे जाने को, आना भूल जाता हूं।

Thursday, January 7, 2016

मेरा मन चंपक होने लगता है

मैं अपना प्रस्‍थान अनदेखा रहने देता हूं। लोग मुझे आते हुए तो देखते हैं लेकि‍न मेरा जाना नहीं देख पाते। मेरी पूरी कोशि‍श रहती है कि मुझे जाते हुए कोई न देख पाए। शुतुरमुर्ग की तरह मैं जाने से पहले गर्दन उठाकर चारों तरफ देखता हूं और जब कोई नहीं देख रहा होता है तो मैं चुपचाप दौड़कर नि‍कल जाता हूं। जो कुछ भी जि‍तने हाहाकारी तरीके से नि‍कल चुका है, उसने मेरे जाने की उन ति‍हत्‍तर अदाओं को चुप कर दि‍या है जि‍नसे मैं कभी कभार बति‍याते चंपि‍याते नि‍कलता था। मेरा मन चंपक होने लगता है जब मैं देखता हूं कि कोई मेरा जाना देख रहा होता है। उम्र बढ़ रही है इसलि‍ए मैं मेरे मन का चंपक होना टॉलरेट नहीं कर सकता और इसीलि‍ए सर्दी की गर्म रातों में मैं नहाने का पानी गर्म करके खुद पर बर्फ उड़ेल लेता हूं। रात भी मैनें यही कि‍या, रात भी मैं यही करने वाला हूं सर...

डायरी-3


गजब हाल है कि अपने होने का सबूत दि‍ए बगैर हम कहीं भाग भी नहीं सकते। रि‍हाई क्‍या होती है, ये मुझे तो ठीक ठीक समझ में आती है, महान और अगर उससे भी ऊपर कोई शब्‍द है तो वो यूज करते हुए मेरे साथ रहने वालों को भी आ जाती तो दुनि‍या की पंचानवे फीसद समस्‍या हल हो गई होती। अभी सुबह मैनें कहीं लि‍खा देख लि‍या कि बहादुर आदमी ही रोते हैं और तबसे मैंने बहुत बहादुर बनने की नाकामयाब कोशि‍श करके भी देख ली। न मेरे कमरे में आलमारि‍यां या कोई ऐसा ताखा है जि‍से बहादुर बनते वक्‍त पकड़ा जा सके और न ही टॉयलेट या बाथरूम में। कि‍चन में कुछएक ताखे हैं जि‍नका मैं खुद को कायर बनाने की सतत प्रक्रि‍या के तहत ही इस्‍तेमाल करता हूं। मैं बहादुर नहीं, अलबत्‍ता जो चाहे पैसे देकर मुझे बहादुर बना सकता है। बहादुर कौन सी भाषा का शब्‍द है, इसके लि‍ए मैं राग भोपाली भी नहीं गाने वाला क्‍योंकि मेरे पास न तो उसकी कैसेट है और न कैसेट नंबर। सीडी और पेनड्राइव भी मेरी बहादुर के नाम पर नहीं हैं। यशवंत सिंह मेरे अच्‍छे दोस्‍त हैं और मैनें उनसे कबीर को सुना है।

डायरी-4

शर्म पर नि‍यंत्रण करने का एक पति‍त प्रयास

मैं मनुष्‍यता के काबि‍ल नहीं, अलबत्‍ता भेड़ों के समूह में भी मुझे लेकर नवक्रांति‍कारी बहस का भी कोई नतीजा नहीं नि‍कलेगा कि क्‍या मैं उनकी जाति के काबि‍ल हूं। तौबाओं को तोड़ते रहने से ऊबा मैं अब तो बस तौबाओं को तीन तकि‍ए दूर से ताड़ता हूं और बचता हूं उनसे आंख मि‍लाने से। वैसे कई सारी आखि‍री तौबाएं मैनें बचा रखी हैं जो न मुझे करनी हैं न ताड़नी।

डायरी-1

नंगई की भी अपनी अदाएं होती हैं जि‍न्‍हें मैं अपने बहुरंगी चश्‍मे से देखता रहता हूं। बदन की सारी नंगई कि‍स तरह के ख्‍यालों में आजाद होती हैं, इसपर आदि अनादिकाल से कि‍सने नहीं लि‍खा। मन की सारी नंगई जो रोज मेरे सामने मुजरा करके मेरे बचे हुए सैंतीस रूपये कैसे छीनने को उतारू है, ये कि‍स बहीखाते के किस मद में दर्ज करूं, बस इसी कश्‍मकश में हूं। हया की ये कैसी दीवार मेरी जबान पर खड़ी हो गई है कि मैं कि‍सी की भी नंगई से फि‍सल पाने में खुद को चुना हुआ पाता हूं। नंगों को देखकर भी शर्म मुझे ही आती है। सोचता हूं कि दि‍ल्‍ली के हर फ्लाईओवर के नीचे मैं सिर्फ काली शर्ट पहनकर नि‍कलूं। अगर कोई पूछे कि नीचे नंगे क्‍यूं तो बोलूं कि कुछ नहीं, बस अपनी शर्म पर नि‍यंत्रण करने का एक पति‍त प्रयास ही तो कर रहा हूं सर..

डायरी-2